रचनात्मकता और नवाचार की उड़ान: CASE फुलिया कलां में 30 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप

फुलिया कलां (भीलवाड़ा)। गर्मी की छुट्टियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास का बेहतरीन अवसर बनाते हुए, श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (CASE), फुलिया कलां में एक अनूठी पहल की गई है। श्री कल्याण सेवा संस्थान के तत्वावधान में सोमवार, 18 मई से कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 30 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का भव्य शुभारंभ हुआ।
बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उनमें रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कैंप की थीम ‘सीखें, बनाएं, जानें और आगे बढ़ें’ रखी गई है। श्री कल्याण सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुभाष लढ़ा ने बताया कि यह विशेष शिविर प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तक चलेगा, जिसमें हर सप्ताह (6-6 दिनों के अंतराल में) बच्चों को नए कौशल सिखाए जाएंगे।
समर कैंप का साप्ताहिक कार्यक्रम (Schedule):
- प्रथम सप्ताह (18 मई से 23 मई): आर्ट एंड क्राफ्ट (पेपर मैश)।
- दूसरा सप्ताह (25 मई से 30 मई): हैंडीक्राफ्ट (कुट्टी मिट्टी)।
- तीसरा सप्ताह (1 जून से 6 जून): बेसिक कंप्यूटर और स्टीम (STEAM) एजुकेशन।
- चौथा सप्ताह (8 जून से 13 जून): स्टोरीटेलिंग (कथा वाचन) और सिनेमा।
- पांचवा व अंतिम सप्ताह (15 जून से 20 जून): सॉफ्ट स्किल्स और करियर मार्गदर्शन।
कबाड़ से जुगाड़: ‘Waste to Wealth’ वर्कशॉप इस कैंप का एक प्रमुख आकर्षण अनुभवी आर्टिस्ट वीरेंद्र शर्मा द्वारा ‘Waste to Wealth’ विषय पर आयोजित की जाने वाली प्रेरणादायक वर्कशॉप होगी। इसमें विद्यार्थियों को बेकार वस्तुओं से उपयोगी और आकर्षक कलाकृतियां बनाना सिखाया जाएगा, जो बच्चों में कला कौशल के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी पैदा करेगा।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रमुख रोहित चौहान, प्रोजेक्ट मैनेजर विकाश कुमावत, सोशल मीडिया कार्यकारी व कंप्यूटर प्रशिक्षक रिज़वान उस्ता और खेल समन्वयक आशीष कुमार का विशेष योगदान रहेगा। यह समर कैंप ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को नई उड़ान देने का एक सुनहरा मंच प्रदान कर रहा है।

